रोहतांग दर्रे में हुई बर्फबारी के बाद पर्यटन नगरी मनाली में चहल-पहल फिर से बढ़ गई है। बर्फ से ढकी चोटियां देखने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं और वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या लगभग दोगुनी हो गई है।
आंकड़ों के अनुसार वीकेंड पर मनाली आने वाले पर्यटक वाहनों की संख्या 800 के पार पहुंच गई है, जबकि पिछले सप्ताह तक रोज 500 से 600 वाहन आ रहे थे। इसी तरह पहले रोज करीब 50 वोल्वो बसें मनाली पहुंचती थीं, जो अब बढ़कर 100 से अधिक हो गई हैं।
शनिवार को मनाली से रोहतांग तक पूरे मार्ग पर पर्यटकों की भीड़ रही। सैलानियों ने बर्फ के बीच तस्वीरें खिंचवाईं और शीतकालीन गतिविधियों का लुत्फ उठाया। रोहतांग के साथ ग्रांफू की ओर भी पर्यटकों ने रुख किया। लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे पर्यटन कारोबारियों को इससे बड़ी राहत मिली है।
होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि बर्फबारी के बाद होटलों में ऑक्यूपेंसी करीब 60 फीसदी तक पहुंच गई है और आने वाले दिनों में इसके और बढ़ने की उम्मीद है। होटल कारोबारी गौतम ठाकुर के अनुसार नवरात्र के बाद के वीकेंड और अब दशहरा उत्सव से कारोबार को और रफ्तार मिलने की संभावना है।
स्रोत: अमर उजाला


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।