त्योहारों से पहले शिमला में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी का गंभीर मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा एवं विनियमन विभाग की टीम ने शनिवार को मिडल बाजार और राम बाजार के होटलों और मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। मिडल बाजार के एक नामी होटल और मिठाई की दुकान में रसगुल्लों और गुलाब जामुन में मरे हुए कॉकरोच पाए गए।
सहायक आयुक्त डॉ. विजया के नेतृत्व में टीम दोपहर करीब साढ़े बारह बजे जांच के लिए पहुंची थी। जांच में रसोई में गंदगी के बीच खाना बनता मिला, चाय के डिब्बे गंदे थे, पानी के जग काले पड़ चुके थे और अलमारियों में कॉकरोच घूम रहे थे। कर्मचारियों ने न एप्रन पहना था और न ही सिर पर टोपी लगाई थी।
राम बाजार में शौचालय के पास खुले में मिठाइयां बेचे जाने का मामला भी पकड़ा गया। लोगों की सेहत को देखते हुए टीम ने दूषित मिठाइयां मौके पर ही नष्ट करवा दीं और कुल चार दुकानदारों को नोटिस जारी किए।
विभाग ने संचालक को कड़ी फटकार लगाते हुए सभी कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही साफ कहा गया कि खाद्य पदार्थ तैयार करने और परोसने के दौरान स्वच्छता नियमों का पूरी तरह पालन किया जाए। त्योहारी सीजन में मिठाइयों की मांग बढ़ने के बीच इस कार्रवाई ने ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है।
स्रोत: अमर उजाला


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।