Maheka Sansar
बुधवार, 21 अक्टूबर 2026
विज्ञापन
Maheka Sansar — यहाँ विज्ञापन दें
Maheka Sansar — यहाँ विज्ञापन दें

सराहन में वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण, अग्निहोत्री बोले- आधुनिक हिमाचल के निर्माता

पूर्व मुख्यमंत्री की जन्मस्थली में अष्टमी पर हुआ कार्यक्रम; विक्रमादित्य सिंह, रोहित ठाकुर और प्रतिभा सिंह भी रहे मौजूद

सराहन में वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण, अग्निहोत्री बोले- आधुनिक हिमाचल के निर्माता
सराहन में स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा और अनावरण समारोह की झलकियां (फोटो: अमर उजाला)

हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का रविवार को उनकी जन्मस्थली सराहन में अनावरण किया गया। बुशहर स्पोर्ट्स कल्चर एंड एनवायरनमेंट एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि रहे। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह और पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली समेत कई नेता भी मौजूद रहे।

अग्निहोत्री ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने करीब पांच दशक तक न केवल प्रदेश की राजनीति को दिशा दी, बल्कि लोगों के दिलों में भी खास जगह बनाई। उन्होंने उन्हें दूरदर्शी नेता और आधुनिक हिमाचल का निर्माता बताया। अग्निहोत्री ने खुद को उनकी राजनीतिक पाठशाला का विद्यार्थी बताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से ही वह पिछले 25 वर्षों से लगातार विधायक के रूप में जनता की सेवा कर रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश निर्माण में डॉ. वाईएस परमार और प्रदेश को आधुनिक स्वरूप देने में वीरभद्र सिंह की भूमिका अहम रही। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से उन्होंने विकास को नई दिशा दी।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पूरा हिमाचल उनके पिता की कर्मस्थली रहा। वीरभद्र सिंह मां भीमाकाली को अपनी आराध्य मानते थे और मुख्यमंत्री रहते हुए भी अष्टमी के दिन सराहन आकर आशीर्वाद लेना नहीं भूलते थे, इसलिए इसी दिन प्रतिमा का अनावरण विशेष महत्व रखता है।

स्रोत: अमर उजाला

यह खबर शेयर करें
स
संपादकीय टीम · Maheka Sansar

Maheka Sansar की संपादकीय टीम।

संपादकीय टीम की और खबरें →

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।