भारत में InnoData कंपनी ने बिना किसी पूर्व सूचना के लगभग 550 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है। कर्मचारियों का कहना है कि अचानक उनके लैपटॉप का एक्सेस बंद हो गया और टर्मिनेशन ईमेल भेजे गए।
काम के दौरान अचानक बंद हुआ एक्सेस
दिल्ली के 28 वर्षीय एक इंजीनियर के लिए सोमवार की शुरुआत सामान्य थी, लेकिन लंच के समय तक स्थिति बदल गई। उन्होंने बताया कि सुबह वे अपने सिस्टम में लॉग इन करके अटेंडेंस दर्ज कर रहे थे, लेकिन धीरे-धीरे कंपनी के लैपटॉप का एक्सेस बंद होने लगा। इसके बाद उनके पर्सनल ईमेल पर नौकरी खत्म होने की सूचना मिली। एक कर्मचारी ने बताया कि एक-एक कर उनके आधिकारिक डिवाइस का एक्सेस बंद कर दिया गया और कंपनी की ऑफिसियल आईडी डि-एक्टिवेट कर दी गई। यह सब अचानक हुआ और कर्मचारियों को कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी।
HR पोर्टल पर 26 अक्टूबर की तारीख दर्ज
छंटनी की खबर फैलने पर कर्मचारियों ने कंपनी के HR पोर्टल की जांच की, जहां उन्हें 26 अक्टूबर को इस्तीफा देने और आखिरी कार्य दिवस के तौर पर दिखाया गया। इस जानकारी के बाद कर्मचारियों ने मैनेजरों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मैनेजर भी इस खबर से हैरान थे। कर्मचारियों ने इसे अफवाह समझकर HR टीम से स्थिति स्पष्ट करने को कहा, लेकिन उसी दौरान उनके डिवाइस का एक्सेस बंद हो गया। एक कर्मचारी ने बताया कि जब वे HR टीम को मैसेज कर रहे थे, तब उनके लैपटॉप से लॉग आउट होना शुरू हुआ और ऑफिसियल आईडी डि-एक्टिवेट हो गई।
फिलीपींस में भी छंटनी
रिपोर्ट के अनुसार, भारत के अलावा कंपनी की फिलीपींस टीम में भी कर्मचारियों को निकाला गया है। कर्मचारियों को अचानक नौकरी खत्म होने की सूचना मिली और कंपनी के सिस्टम तक उनकी पहुंच बंद कर दी गई।
InnoData कंपनी के बारे में
InnoData एक अमेरिका स्थित डेटा इंजीनियरिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सर्विसेज देने वाली कंपनी है जिसका मुख्यालय रिजफील्ड पार्क, न्यू जर्सी में है। कंपनी टेक्नोलॉजी संगठनों को AI सिस्टम बनाने और बेहतर करने में मदद करती है। यह डेटा लेबलिंग, मॉडल ट्रेनिंग, इवैल्यूएशन और सेफ्टी टेस्टिंग जैसी सेवाएं प्रदान करती है। InnoData के ग्राहकों में गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, अमेजन, एप्पल, सोनी, हेवलेट-पैकर्ड, स्नोफ्लेक, बोइंग और डेलॉइट जैसी बड़ी कंपनियां शामिल हैं।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।