NIOS ने मार्च-अप्रैल 2027 की परीक्षाओं के लिए आवेदन शुरू किये
राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS) ने मार्च-अप्रैल 2027 में होने वाली 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है. इसके तहत पात्र छात्र 21 नवंबर 2026 से आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे. आवेदन करने की आखिरी तारीख 20 दिसंबर 2026 तय की गई है. इस अवधि में फॉर्म भरने वाले छात्रों को कोई लेट फीस नहीं देनी होगी. इसके बाद आवेदन करने पर अतिरिक्त फीस देना पड़ेगा. ऐसे में छात्रों के लिए जरूरी है कि वो समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.
NIOS की मार्च-अप्रैल 2027 की माध्यमिक (10वीं) और वरिष्ठ माध्यमिक (12वीं) परीक्षाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया 21 नवंबर से शुरू होगी. छात्र संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट sdmis.nios.ac.in पर जाकर ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं. आवेदन के साथ परीक्षा फीस भी ऑनलाइन जमा करना होगा. इस परीक्षा के लिए स्ट्रीम-1 और ब्लॉक-1 में एडमिशन लेने वाले पात्र छात्र आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा सितंबर-अक्तोर 2026 की सार्वजनिक परीक्षा में शामिल हुए पात्र उम्मीदवार भी परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे.
तीन चरणों में भर सकेंगे परीक्षा फॉर्म
NIOS ने आवेदन के लिए तीन समयसीमा तय की हैं. पहली अवधि में आवेदन करने पर छात्रों को कोई अतिरिक्त फीस नहीं देनी होगी. इसके बाद लेट फीस लागू होगी.
- 21 नवंबर से 20 दिसंबर 2026: बिना लेट फीस के आवेदन कर सकेंगे.
- 21 दिसंबर से 31 दिसंबर 2026: प्रति विषय 150 रुपये लेट फीस देनी होगी.
- 1 जनवरी से 10 जनवरी 2027: प्रति छात्र 1600 रुपये एकमुश्त लेट फीस देनी होगी.
इसलिए छात्रों को सलाह दी जाती है कि वो 20 दिसंबर तक ही आवेदन कर दें, ताकि अतिरिक्तन फीस से बच सकें.
प्रति विषय 300 रुपये देनी होगी फीस
NIOS की ओर से निर्धारित परीक्षा फीस प्रत्येक विषय के लिए 300 रुपये है. जिन विषयों में प्रैक्टिकल परीक्षा शामिल है, उनके लिए 150 रुपये अतिरिक्त देने होंगे. इस तरह प्रैक्टिकल वाले विषय के लिए कुल 450 रुपये फीस देना होगा. छात्र पूरी फीस आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जमा कर सकते हैं.
सितंबर-अक्टूबर परीक्षा वाले छात्रों के लिए अलग नियम
सितंबर-अक्टूबर 2026 की सार्वजनिक परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को फिलहाल अगली परीक्षा की फीस जमा करने के लिए इंतजार करना होगा. NIOS के अनुसार, इन छात्रों के लिए आवेदन और फीस जमा करने की तारीखों की घोषणा परीक्षा रिजल्ट जारी होने के बाद की जाएगी.
12वीं के छात्रों के लिए दो साल का नियम
12वीं की परीक्षा देने वाले छात्रों को दो साल के अंतर से जुड़े नियम का ध्यान रखना होगा. 12वीं का पासिंग सर्टिफिकेट पाने के लिए 10वीं की परीक्षा पास करने वाले सत्र, ब्लॉक और वर्ष से दो साल का अंतर पूरा होना जरूरी है. हालांकि, जिन छात्रों का दो साल का अंतर मार्च-अप्रैल 2027 की परीक्षा तक पूरा नहीं होगा, वो अधिकतम चार विषयों की परीक्षा दे सकते हैं. इनमें वह विषय भी शामिल होंगे, जिनमें छात्र पहले ही पास हो चुके हैं.
स्रोत: tv9hindi.com


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।