लाहौर में खेले गए वनडे त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल मुकाबले में शनिवार को पाकिस्तान ने श्रीलंका को 3 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। मेजबान टीम ने श्रीलंका द्वारा दिए गए 326 रनों के लक्ष्य को 48.3 ओवरों में पूरा किया। यह जीत वनडे फाइनल में संयुक्त रूप से सबसे बड़ी सफल रन-चेज में से एक है।
श्रीलंका की मजबूत शुरुआत
श्रीलंका ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी की। अविष्का फर्नांडो और कामिंदु मेंडिस ने पहले विकेट के लिए 104 गेंदों में 87 रन जोड़े। अविष्का 38 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कामिंदु ने कप्तान कुसल मेंडिस के साथ 22 रन की साझेदारी की। कुसल 8 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
दो विकेट 109 रन पर गिरने के बाद कामिंदु मेंडिस ने पवन रत्नायके के साथ तीसरे विकेट के लिए 146 रन जोड़े। कामिंदु ने 128 गेंदों में 131 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के और 12 चौके शामिल थे। रत्नायके ने 65 गेंदों में 77 रन बनाए।
पाकिस्तान की बल्लेबाजी
पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही और 14 रन पर दो विकेट गिर गए। इसके बाद फखर जमां और साद बेग ने तीसरे विकेट के लिए 149 रन की साझेदारी की। साद बेग ने 75 गेंदों में 74 रन बनाए, जिसमें 11 चौके शामिल थे।
फखर जमां ने सलमान आगा के साथ चौथे विकेट के लिए 57 रन जोड़े। फखर ने 99 गेंदों में 127 रन बनाए, जिसमें 11 चौके थे। सलमान ने 17 रन का योगदान दिया। टीम को 230 के स्कोर पर पांचवां विकेट गिरा।
जीत तक पहुंचाने वाली साझेदारी
हसन नवाज ने अराफात मिन्हास के साथ छठे विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी की और टीम को जीत के करीब पहुंचाया। हसन नाबाद 37 रन पर थे, जबकि अराफात ने 61 रन बनाए।
बॉलिंग में भी शानदार प्रदर्शन
पाकिस्तान की ओर से कप्तान शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, सलमान आगा और हारिस रऊफ ने 2-2 विकेट लिए। श्रीलंका की तरफ से दिलशान मदुशंका ने 3 विकेट लिए, जबकि असिथा फर्नांडो ने 2 विकेट झटके।
स्रोत: deshbandhu.co.in


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।