चामू में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, गुणवत्ता और स्वच्छता की भी जांच, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश माली, अंकित घोसल्या, दीनदयाल सैनी और योगेश मीणा की टीम ने की कार्यवाही
चामू। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को कस्बे में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मिठाइयों, मावे सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, जोधपुर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत के निर्देशानुसार की गई इस कार्रवाई के दौरान मैसर्स नवदुर्गा मिष्ठान भंडार, महादेव मावा भंडार, श्री कृष्णा जोधपुर मिष्ठान भंडार, आनंद मिष्ठान भंडार और सालासर स्वीट सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा मावा निर्माण इकाई से भी नमूना लिया गया।
कार्रवाई के दौरान कलाकंद, दूध पेड़ा, जलेबी, घेवर, ब्रेड, पनीर और गुलाब जामुन सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। इन नमूनों की प्रयोगशाला में जांच करवाई जाएगी। रिपोर्ट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों को तैयार करने के स्थान, उनके रखरखाव, साफ-सफाई और व्यक्तिगत स्वच्छता की भी जांच की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश माली ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री की सुरक्षित तैयारी एवं भंडारण सुनिश्चित करने तथा निर्माण स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेश माली, अंकित घोसल्या, दीनदयाल सैनी और योगेश मीणा मौजूद रहे।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।