माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले जोधपुर और आसपास के श्रद्धालुओं को रेलवे ने बड़ी सुविधा दी है। रविवार से जोधपुर और श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा के बीच सीधी रेल सेवा शुरू हो गई है। अब यात्रियों को जम्मूतवी स्टेशन पर उतरकर दूसरी ट्रेन पकड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी और वे एक ही गाड़ी से कटरा पहुंच सकेंगे।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार साबरमती-जम्मूतवी एक्सप्रेस को आगे बढ़ाकर कटरा तक चलाने का निर्णय लागू कर दिया गया है। ट्रेन संख्या 19223 प्रतिदिन शाम 7 बजे जोधपुर से रवाना होकर अगले दिन शाम 6:55 बजे कटरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 19224 20 अक्तूबर से रोज सुबह 4:50 बजे कटरा से चलेगी और अगले दिन सुबह 4:40 बजे जोधपुर आएगी।
विस्तार के साथ ही ट्रेन को जम्मू क्षेत्र के तीन नए स्टेशनों साम्बा, बाड़ी ब्राह्मण और शहीद कप्तान तुषार महाजन पर ठहराव भी दिया गया है। इससे इन इलाकों के लोगों को भी लंबी दूरी की सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी।
इधर बीना स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग के चलते जोधपुर मंडल की कुछ गाड़ियों के मार्ग बदले गए हैं। भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस (14814) और जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस (14813) 18 और 19 अक्तूबर को संत हिरदाराम नगर, मक्सी और रुठियाई होकर चलेंगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि दिवाली और छठ पर संभावित भीड़ को देखते हुए मंडल स्तर पर विशेष वार रूम बनाया गया है। यहां से सीसीटीवी के जरिए प्रमुख स्टेशनों पर लगातार नजर रखी जाएगी और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।
स्रोत: अमर उजाला


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।