गांधी मैदान से गोल बिल्डिंग तक निकलेगी पदयात्रा
जोधपुर । राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा मंगलवार, 3 नवंबर को जोधपुर प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित विशाल पदयात्रा में शामिल होंगे। लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा एवं नागरिक अधिकारों के प्रति जनजागरण के उद्देश्य से आयोजित यह पदयात्रा मंगलवार प्रातः 10:30 बजे गांधी मैदान से प्रारंभ होकर बी रोड होते हुए गोल बिल्डिंग तक पहुंचेगी।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में आयोजित इस पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत तथा राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री जोगाराम पटेल, जोधपुर संभाग प्रभारी एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री भूपेंद्र सैनी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मुकेश दाधीच, महापौर श्री प्रसन्नचंद मेहता, उपमहापौर श्री विजय सिंह पंवार, भाजपा जोधपुर शहर जिलाध्यक्ष श्री राजेंद्र पालीवाल, सूरसागर विधायक श्री देवेंद्र जोशी, जोधपुर शहर विधायक श्री अतुल भंसाली, पूर्व सांसद श्री राजेंद्र गहलोत,जीव-जंतु कल्याण बोर्ड अध्यक्ष श्री जसवंत सिंह बिश्नोई तथा पूर्व जेडीए चेयरमैन डॉ. प्रोफेसर डाँ महेंद्र सिंह राठौड़ सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि सम्मिलित होंगे।
विधायक अतुल भंसाली के कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक
पदयात्रा एवं मुख्यमंत्री के जोधपुर दौरे की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मुकेश दाधीच ने जोधपुर शहर विधायक श्री अतुल भंसाली के कार्यालय में संगठनात्मक एवं व्यवस्थागत समीक्षा बैठक ली। बैठक में भाजपा शहर जिलाध्यक्ष श्री राजेंद्र पालीवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्यमंत्री के प्रवास, पदयात्रा के मार्ग, कार्यकर्ताओं की सहभागिता, आमजन की भागीदारी तथा विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा कार्यक्रम को प्रभावी एवं सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में श्री दाधीच ने कहा कि विपक्षी दल विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ता तथ्यों के साथ आमजन को जागरूक करेंगे और एसआईआर की वास्तविक प्रक्रिया एवं उसके महत्व से अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया आवश्यक है।
आपातकाल की याद दिलाकर घर-घर पहुंचा भाजपा का जनसंपर्क अभियान विशाल पदयात्रा को लेकर भाजपा ने जोधपुर शहर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया है। भाजपा के प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर आमजन से संपर्क किया और उन्हें ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया।
जनसंपर्क के दौरान कार्यकर्ताओं ने वर्ष 1975 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा लगाए गए आपातकाल का उल्लेख करते हुए बताया कि किस प्रकार देश में लोकतांत्रिक अधिकारों पर अंकुश लगाया गया था। विपक्षी नेताओं एवं आंदोलनकारियों को जेलों में बंद किया गया तथा प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए गए थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आमजन को बताया कि लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों की स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की आजादी और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा भी लोकतंत्र के महत्वपूर्ण आधार हैं।
भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि आपातकाल का इतिहास देश की लोकतांत्रिक चेतना के लिए एक महत्वपूर्ण सबक है। नई पीढ़ी को भी इस इतिहास से परिचित कराना और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है।
प्रदेश से लेकर बूथ स्तर व आम जनता, होंगी शामिल
पदयात्रा में भाजपा के प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, नगर निगम के पार्षद एवं पूर्व पार्षद, बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल होगें। इसके साथ ही आम नागरिकों, व्यापारियों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से भी पदयात्रा में सहभागिता का आह्वान किया गया है।
भाजपा संगठन की ओर से पदयात्रा को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा सहित प्रदेश एवं शहर के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी से इस कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है।
मंगलवार को गांधी मैदान से निकलने वाली यह विशाल पदयात्रा जोधपुर में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जनजागरण का संदेश देगी।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।