राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक और विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक रहे अशोक सिंहल के जन्म शताब्दी वर्ष पर कानपुर में उन्हें खास तरीके से याद किया गया। रविवार को गांधी नगर स्थित केशव स्मृति भवन का नाम बदलकर श्री अशोक सिंहल स्मृति भवन कर दिया गया।
अशोक सिंहल ने इसी भवन में करीब 19 वर्षों तक निवास करते हुए संगठन और हिंदू समाज के लिए काम किया था। इसी जुड़ाव को देखते हुए भवन को उनके नाम से जोड़ा गया है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
आरएसएस के प्रांत प्रचारक श्रीराम ने कहा कि अशोक सिंहल ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र और हिंदू समाज को समर्पित कर दिया। कार्यक्रम में सिंहल के साथ काम कर चुके पुराने स्वयंसेवकों ज्ञानेंद्र मिश्र, दीपक राजे, जगन्नाथ गुप्ता और अरविंद मेहरोत्रा ने उनकी कार्यशैली, संगठन के प्रति समर्पण और उनके साथ बिताए दिनों के संस्मरण साझा किए।
कार्यक्रम में प्रांत संघचालक भवानी भीख, क्षेत्र प्रचारक प्रमुख राजेंद्र, प्रांत कार्यवाह रामकेश समेत संघ के कई पदाधिकारी और स्वयंसेवक मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार जन्म शताब्दी वर्ष के दौरान सिंहल के जीवन और विचारों से जुड़े कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे।
स्रोत: अमर उजाला


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।