एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को रामपुर के टांडा में जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और इंडिया गठबंधन पर तीखा हमला किया। रामपुर पहुंचने पर समर्थकों ने कार-बाइक रैली के साथ उन्हें सभा स्थल तक पहुंचाया।
ओवैसी ने कहा कि मुसलमानों को अपना राजनीतिक नेतृत्व खुद तय करना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दल चाहते हैं कि मुस्लिम युवा नेता बनने के बजाय सिर्फ दूसरों की सभाओं में दरी बिछाने तक सीमित रहें, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। उन्होंने समुदाय से सोच-समझकर सही दिशा में मतदान करने की अपील की। सभा में उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि उसका मकसद देश को हिंदू राष्ट्र बनाना है।
जनसभा से पहले एक होटल में पत्रकारों से बातचीत में ओवैसी ने पश्चिम बंगाल में पूजा पंडाल में हुई दुर्घटना के लिए सरकार की नाकामी को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि ऐसी घटनाओं पर वे चुप नहीं रह सकते।
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी पूरी तैयारी में है और रामपुर में भी अच्छा प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी को सभी समाज का समर्थन मिलेगा। सपा नेता आजम खां के बारे में पूछे जाने पर ओवैसी ने कहा कि वह दुआ करते हैं कि उनकी सारी मुश्किलें दूर हों।
स्रोत: अमर उजाला


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।