जैसलमेर एयरपोर्ट हो गया सूना, इंडिगो की 4 शहरों की हवाई सेवाएं होंगी बंद, अब अक्टूबर से फिर शुरू होंगी

पूरण सिंह बैरसियाला/ जैसलमेर

जैसलमेर। एयरपोर्ट आज से सूना हो जाएगा। इंडिगो की हवाई सेवाएं बंद हो जाएंगी। आज चार शहरों से अंतिम फ्लाइट जैसलमेर से उड़ी। कल से हवाई अड्डे पर कोई भी रेगुलर फ्लाइट नहीं आएगी। हवाई सेवाओं का 5 महीने का विंटर शेड्यूल बुधवार से समाप्त हो गया। सिविल एयरपोर्ट के निदेशक प्रमोद मीना ने बताया कि दिल्ली, मुंबई, जयपुर और अहमदाबाद के लिए चल रही रेगुलर हवाई सेवाएं बुधवार से बंद हो गई हैं। गुरुवार से जैसलमेर एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट नहीं आएगी।
प्रमोद मीना ने बताया कि 12 अक्टूबर से दिल्ली और 29 अक्टूबर से मुंबई, जयपुर और अहमदाबाद के लिए इंडिगो ने विंटर शेड्यूल के तहत अपनी हवाई सेवाएं शुरू कि थीं। 5 महीने हवाई सेवाओं के चलने के बाद गुरुवार 14 अक्टूबर से अब कोई भी हवाई सेवा नहीं आएगी।

12 अक्टूबर से शुरू हुई थी फ्लाइट

जैसलमेर में गत 12 अक्टूबर से हवाई सेवाओं का आगाज हुआ था। दिल्ली से जैसलमेर के लिए इंडिगो हवाई कंपनी की पहली फ्लाइट शुरू हुई थी। इसके बाद 29 अक्टूबर से भारत के 3 अन्य शहर मुंबई, अहमदाबाद और जयपुर भी जैसलमेर से जुड़ गए थे। इसके बाद स्पाइस जेट ने भी अपनी हवाई सेवाएं शुरू कर दी थीं। मगर स्पाइस जेट ने 31 जनवरी को अपनी हवाई सेवाएं बंद कर दी थीं। इंडिगो ने अपनी चार शहरों के लिए हवाई सेवाओं को जारी रखा था। अब कंपनी का विंटर शेड्यूल 13 मार्च तक ही था। आज जैसलमेर एयरपोर्ट पर 4 शहरों से अंतिम हवाई सेवाएं चली। गुरुवार से हवाई सेवाओं का संचालन अब एयरपोर्ट पर नहीं होगा।

पर्यटन को होगा नुकसान

जैसलमेर के पर्यटन बिजनेस से जुड़े मयंक भाटिया ने बताया कि लगातार चल रही हवाई सेवाओं के अब बंद होने से पर्यटन को काफी नुकसान होगा। होली का त्योहार आने वाला है। इस दिन कई सैलानी जैसलमेर में होली खेलने आते हैं। ऐसे में हवाई सेवाएं नहीं होने से होटल और रिज़ॉर्ट वालों के साथ साथ अन्य लोगों को भी काफी नुकसान होगा। मयंक भाटिया ने बताया कि जैसलमेर में लगातार हवाई सेवाओं का संचालन होना चाहिए ताकि सैलानी आराम से जैसलमेर आ सके। गर्मियों में भी कई सैलानी जैसलमेर आते हैं। मगर अब हवाई सेवाओं के बंद हो जाने से पर्यटन बिजनेस को काफी नुकसान होगा।