जोधपुर। प्रदेश में चलाए जा रहे “शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के तहत जोधपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए फूड सेफ्टी टीम ने स्टिंग एनर्जी और एड्रेनालाइन रश एनर्जी ड्रिंक के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशानुसार बुधवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) जोधपुर डॉ. सुरेंद्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में टीम ने शिकारगढ़ स्थित सैम बेवरेज प्राइवेट लिमिटेड पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान स्टिंग एनर्जी एवं एड्रेनालाइन रश ब्रांड के नमूने लेकर कुल 18,000 कैन सीज किए गए। अभिहित अधिकारी एवं सीएमएचओ डॉ. शेखावत ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी रजनीश शर्मा, विजय कंवर एवं सहायक भैराराम की टीम द्वारा जांच के दौरान कैफीनेटेड बेवरेज पर भ्रामक जानकारी अंकित पाई गई। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नमूने लिए गए और स्टॉक को जब्त किया गया। उन्होंने बताया कि फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) के अनुसार कैफीनेटेड पेय पदार्थों पर “स्टिमुलेट्स माइंड”, “एनर्जाइज बॉडी”, “एनर्जी ड्रिंक”, “स्पोर्ट्स ड्रिंक” जैसे शब्दों का लेबल पर उल्लेख भ्रामक प्रचार की श्रेणी में आता है। गौरतलब है कि हाल ही में एफएसएसएआई, नई दिल्ली द्वारा भी पेय पदार्थ निर्माताओं को इस संबंध में नोटिस जारी किए गए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार अधिक कैफीन युक्त एनर्जी ड्रिंक गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों के लिए हानिकारक हो सकते हैं। फिलहाल, लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।