सलमान खान और पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसे वाला के पिता को ईमेल कर जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी डिटेन, मुंबई पुलिस को सौंपा

जोधपुर। फिल्म अभिनेता सलमान खान को ईमेल कर जान से मार देने की धमकी देने के मामले में थाना लूणी पुलिस द्वारा रविवार को आरोपी धाकड़ राम विश्नोई पुत्र रामलाल (21) निवासी सियागो की ढाणी रोहिचा कलां थाना लूणी को डिटेन कर मुंबई से आई पुलिस को सौंप दिया है।

डीसीपी वेस्ट गौरव यादव ने बताया कि आरोपी धाकड़ राम विश्नोई द्वारा पंजाब के सिंगर सिद्दू मूसे वाला के पिता को भी ईमेल कर जान से मारने की धमकी दी गई थी। पंजाब के मानसा जिले में थाना सदर पुलिस की टीम भी शुक्रवार 24 मार्च को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जोधपुर आई थी।

डीसीपी यादव ने बताया कि फिल्म अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी भेजने के ईमेल पर थाना बांद्रा वृत मुंबई शहर पर मुकदमा दर्ज हुआ था। इस संबंध में रविवार को एएसआई बजरंग जगताप के नेतृत्व में मुंबई से टीम जोधपुर आई थी। जोधपुर कमिश्नर रविदत्त गौड़ के निर्देश पर एडीसीपी बोरानाडा जयप्रकाश अटल के सुपरविजन में थाना लूणी से इमदाद उपलब्ध कराई गई।

लूणी एसएचओ ईश्वर चंद्र पारीक मय टीम द्वारा आरोपी धाकड़ राम विश्नोई को डिटेन कर मुंबई पुलिस को सौंपा गया है। आरोपी को पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया जा चुका है। 12 सितंबर 2022 को थाना सरदारपुरा पुलिस की टीम ने अवैध हथियार सहित धाकड़ राम को गिरफ्तार किया था।