शुद्ध आहार, मिलावट पर वार अभियान
जयपुर। प्रदेशभर में चल रहे “शुद्ध आहार, मिलावट पर वार” अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने जयपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 500 किलो संदिग्ध पनीर मौके पर ही नष्ट कराया।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन तथा अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह एवं संयुक्त आयुक्त डॉ. विजय प्रकाश शर्मा के सुपरवीजन में जयपुर मुख्यालय की सेंट्रल टीम के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने आगरा रोड स्थित प्रताप नगर में अभिषेक सिंह नामक पनीर विक्रेता के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विभिन्न क्षेत्रों में आपूर्ति के लिए लगभग 500 किलो पनीर रखा हुआ था। अधिकारियों ने पनीर की जांच के दौरान उसे चखकर एवं सूंघकर देखा, जिसमें बदबूदार तेल (ऑयल) जैसी दुर्गंध महसूस हुई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने इसे संदिग्ध मानते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSS Act) के तहत पनीर का नमूना जांच के लिए लिया तथा पूरे 500 किलो पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया।
विभाग ने बताया कि लिए गए नमूनों को परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के विरुद्ध “शुद्ध आहार, मिलावट पर वार” अभियान लगातार जारी रहेगा और आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।