Maheka Sansar
शुक्रवार, 13 नवंबर 2026
विज्ञापन
Maheka Sansar — यहाँ विज्ञापन दें
Maheka Sansar — यहाँ विज्ञापन दें

मेहरानगढ़ को यूनेस्को ग्लोबल जियोपार्क बनाने की मुहिम तेज, महाराजा गज सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखा पत्र

भारत के पहले यूनेस्को ग्लोबल जियोपार्क के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव, मुख्यमंत्री सहित चार केंद्रीय मंत्रियों से भी मांगा सहयोगजोधपुर। मेहरानगढ़ दुर्ग को भारत का पहला यूनेस्को ग्लोबल जियोपार्क…

मेहरानगढ़ को यूनेस्को ग्लोबल जियोपार्क बनाने की मुहिम तेज, महाराजा गज सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखा पत्र
मेहरानगढ़ को यूनेस्को ग्लोबल जियोपार्क बनाने की मुहिम तेज, महाराजा गज सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखा पत्र

भारत के पहले यूनेस्को ग्लोबल जियोपार्क के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव, मुख्यमंत्री सहित चार केंद्रीय मंत्रियों से भी मांगा सहयोग

जोधपुर। मेहरानगढ़ दुर्ग को भारत का पहला यूनेस्को ग्लोबल जियोपार्क बनाने की महत्वाकांक्षी पहल को अब नई गति मिली है। इस दिशा में महाराजा गज सिंह जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मेहरानगढ़ जियोपार्क के प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करने तथा संबंधित मंत्रालयों के माध्यम से आवश्यक स्वीकृति एवं सहयोग प्रदान करने का अनुरोध किया है।

महाराजा गज सिंह ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी को भी पत्र लिखकर इस पहल को आगे बढ़ाने का आग्रह किया है।

भूवैज्ञानिक विरासत के संरक्षण और अनुसंधान को मिलेगा बढ़ावा

महाराजा गज सिंह जी ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि मेहरानगढ़ दुर्ग एवं इसके आसपास का क्षेत्र मारवाड़ की असाधारण सांस्कृतिक, भूवैज्ञानिक और पारिस्थितिक विरासत का प्रतिनिधित्व करता है। इसे यूनेस्को ग्लोबल जियोपार्क के रूप में विकसित करने से भारत की समृद्ध भूवैज्ञानिक विरासत के संरक्षण, वैज्ञानिक अनुसंधान और सतत पर्यटन को नई दिशा मिल सकती है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मारवाड़ और राजस्थान को विशिष्ट पहचान मिलेगी।

भारत में अब तक एक भी यूनेस्को ग्लोबल जियोपार्क नहीं

उल्लेखनीय है कि विश्व के 51 देशों में अब तक 241 यूनेस्को ग्लोबल जियोपार्क स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि भारत में अभी तक एक भी यूनेस्को ग्लोबल जियोपार्क नहीं है। ऐसे में मेहरानगढ़ को इस प्रतिष्ठित वैश्विक सूची में शामिल कराने की पहल भारत की भूवैज्ञानिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

यह प्रयास केवल मेहरानगढ़ या जोधपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत को वैश्विक जियोहेरिटेज मानचित्र पर स्थापित करने के साथ भू-विरासत संरक्षण, वैज्ञानिक अनुसंधान और जियो-टूरिज्म के विकास का एक नया राष्ट्रीय उदाहरण प्रस्तुत करने का अवसर भी है।

प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों से भी सहयोग का आग्रह

महाराजा गज सिंह ने अपने पत्रों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार से अपेक्षा व्यक्त की है कि इस प्रस्ताव को प्राथमिकता देते हुए संबंधित मंत्रालयों और सक्षम प्राधिकरणों के जरिए आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए, ताकि मेहरानगढ़ जियोपार्क की परिकल्पना को साकार किया जा सके।

उन्होंने प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र के साथ डॉ. शिव सिंह राठौड़, संयोजक, मेहरानगढ़ जियोहेरिटेज एवं जियोपार्क इनिशिएटिव द्वारा पूर्व में प्रेषित प्रस्ताव भी संलग्न किया है।

डॉ. शिव सिंह राठौड़ ने जताया महाराजा गज सिंह का आभार

इस महत्वपूर्ण पहल पर डॉ. शिव सिंह राठौड़ ने महाराजा गज सिंह जी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मेहरानगढ़ की अद्वितीय भूवैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने का यह प्रयास केवल जोधपुर ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि मेहरानगढ़ को यूनेस्को ग्लोबल जियोपार्क के रूप में विकसित किए जाने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार, शिक्षा और वैज्ञानिक अनुसंधान के नए अवसर विकसित होंगे।

डॉ. राठौड़ ने विश्वास जताया कि मेहरानगढ़ को भारत का पहला यूनेस्को ग्लोबल जियोपार्क बनाने और देश की समृद्ध भू-विरासत को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का यह अभियान निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।

यह खबर शेयर करें
स
संपादकीय टीम · Maheka Sansar

Maheka Sansar की संपादकीय टीम।

संपादकीय टीम की और खबरें →

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।