गाजियाबाद में 16 नवंबर से नमो भारत की फास्ट ट्रेनें शुरू होंगी, जिससे आनंद विहार से गाजियाबाद की यात्रा सिर्फ 8 मिनट में पूरी होगी। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने यह जानकारी दी है।
ये फास्ट ट्रेनें दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर केवल पांच प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी, जिससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में कम समय लगेगा।
किन स्टेशनों पर रुकेंगी फास्ट ट्रेनें
एनसीआरटीसी के अनुसार, फास्ट ट्रेनों का ठहराव सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशनों पर होगा। इन स्टेशनों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा।
कम स्टॉपेज के कारण ट्रेन बार-बार नहीं रुकेगी और यात्रियों का समय बचेगा। एनसीआरटीसी का कहना है कि यह सुविधा रोजाना दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी।
यात्रा समय में कितनी कटौती
नई व्यवस्था के तहत यात्री आनंद विहार से गाजियाबाद की दूरी 8 मिनट में तय कर सकेंगे। वहीं, गाजियाबाद से बेगमपुल पहुंचने में 28 मिनट और आनंद विहार से बेगमपुल तक का सफर 36 मिनट में पूरा होगा।
इसके अलावा सराय काले खां से मोदीपुरम तक पूरे कॉरिडोर की यात्रा 50 मिनट से भी कम समय में पूरी की जा सकेगी।
कब और कितनी चलेंगी फास्ट ट्रेनें
एनसीआरटीसी के अनुसार, सुबह और शाम के व्यस्त समय में दोनों दिशाओं में दो-दो फास्ट ट्रेनें चलाई जाएंगी। सुबह सराय काले खां से मोदीपुरम और मोदीपुरम से सराय काले खां के लिए ट्रेनें सुबह 8 बजे और 8:30 बजे रवाना होंगी।
शाम के पीक आवर्स में दोनों दिशाओं में शाम 6 बजे और 6:30 बजे फास्ट ट्रेनें संचालित की जाएंगी। इस तरह सुबह और शाम मिलाकर कुल आठ अतिरिक्त फास्ट ट्रेनें यात्रियों को उपलब्ध होंगी।
ये ट्रेनें मौजूदा नियमित नमो भारत सेवाओं के अतिरिक्त चलाई जाएंगी। नियमित नमो भारत ट्रेनें अपने निर्धारित समय के अनुसार प्रत्येक 10 मिनट में उपलब्ध रहेंगी।
यात्रियों की संख्या और अपील
दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में इस कॉरिडोर पर प्रतिदिन लगभग 1.1 लाख यात्री सफर कर रहे हैं। हाल ही में नमो भारत ने पांच करोड़ पैसेंजर जर्नी का आंकड़ा भी पार किया है।
पिछले तीन महीनों के दौरान इस कॉरिडोर पर हर महीने औसतन 32 लाख से अधिक पैसेंजर जर्नी दर्ज की गई हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए फास्ट ट्रेनों की शुरुआत को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
एनसीआरटीसी ने यात्रियों से अपील की है कि फास्ट और नियमित ट्रेनों के संचालन के दौरान स्टेशन पर लगे डिस्प्ले बोर्ड को देखकर ही ट्रेन में सवार हों। प्लेटफॉर्म पर होने वाली घोषणाओं को भी ध्यान से सुनें, ताकि यह स्पष्ट रहे कि ट्रेन फास्ट सेवा है या नियमित सेवा।
दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की स्थिति के बीच सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भी यह पहल की जा रही है। तेज और सुविधाजनक सफर मिलने से अधिक लोग निजी वाहनों के बजाय नमो भारत का इस्तेमाल कर सकेंगे।
स्रोत: deshbandhu.co.in


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।