दीपावली से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, अवधिपार खाद्य सामग्री भी मौके पर करवाई नष्ट
हनुमानगढ़। दीपावली के त्योहार के मद्देनजर आमजन को शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नोहर में खाद्य सुरक्षा दल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। कार्रवाई के दौरान 280 लीटर सरसों का तेल और 434 लीटर घी सहित कुल 714 लीटर खाद्य सामग्री सीज की गई। वहीं, अवधिपार खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में जिलेभर के बाजारों, मिठाई की दुकानों, किराना प्रतिष्ठानों और खाद्य सामग्री के थोक विक्रेताओं पर निगरानी रखी जा रही है।
विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि नोहर में मैसर्स रामसुख दास पवन कुमार से अनामिका ब्रांड सरसों के तेल, मैसर्स ईश्वर ट्रेडिंग कम्पनी से आनन्दा ब्रांड घी, मैसर्स नवीन देसी घी से पालीवाल गोल्ड ब्रांड घी एवं खुले घी के नमूने संग्रहित किए गए।यह खबर आप दैनिक महका संसार पर पढ़ रहे हो।
इसी प्रकार मैसर्स श्री गणेश एंटरप्राइजेज से भुजिया (नमकीन) एवं सरसों के तेल, मैसर्स श्री चंदगीराम मिष्ठान भंडार से कलाकंद एवं बेसन बर्फी तथा मैसर्स श्री श्याम मावा भंडार से मीठा मावा एवं रसगुल्ला के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
280 लीटर तेल और 434 लीटर घी सीज
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा दल ने मैसर्स रामसुख दास पवन कुमार से अनामिका ब्रांड के 280 लीटर सरसों के तेल को सीज किया। वहीं, मैसर्स ईश्वर ट्रेडिंग कम्पनी से आनन्दा ब्रांड के 434 लीटर घी को सीज किया गया। इस प्रकार दोनों प्रतिष्ठानों से कुल 714 लीटर खाद्य तेल एवं घी को अग्रिम कार्रवाई तक बिक्री और उपयोग के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया।
69 लीटर कोल्ड ड्रिंक सहित अवधिपार सामग्री नष्ट
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा दल ने मैसर्स दिनेश एजेंसी एवं मैसर्स श्री गणेश एंटरप्राइजेज का भी निरीक्षण किया। जांच में अवधिपार पाई गई खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया। इसमें करीब 69 लीटर कोल्ड ड्रिंक के अलावा जीरा, बिस्किट एवं विभिन्न मसालों के लगभग 200 पैकेट शामिल हैं।
खाद्य सुरक्षा दल ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री के भंडारण, पैकिंग, निर्माण एवं बिक्री के दौरान निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
त्योहार के दौरान जारी रहेगा अभियान
सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का ही विक्रय करें। साथ ही खाद्य पदार्थों की खरीद-बिक्री के बिल, बैच नंबर, निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि सहित आवश्यक रिकॉर्ड संधारित रखें।
उन्होंने आमजन से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी पैकिंग, गुणवत्ता, निर्माण तिथि एवं उपयोग की अंतिम तिथि की जांच करने की अपील की। खाद्य पदार्थों में मिलावट या किसी अन्य अनियमितता की आशंका होने पर विभाग को सूचना देने का आग्रह किया गया।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रफीक मोहम्मद, खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती अर्चना यादव, नोहर बीसीएमओ डॉ. मनजीत ढाका, गार्ड योगेश शर्मा एवं वाहन चालक गुरुशरण सिंह उपस्थित रहे।



टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।