जोधपुर। शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से भारत के प्रथम प्रधानमंत्री, भारत रत्न एवं आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर शहर जिला कांग्रेस कार्यालय में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ओमकार वर्मा ने की। इस दौरान उपस्थित कांग्रेसजनों ने पंडित नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ. संजय गौड़ ने बताया कि इस अवसर पर ओमकार वर्मा ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू केवल देश के प्रथम प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखने वाले दूरदर्शी राष्ट्रनायक थे। स्वतंत्रता संग्राम में उनका संघर्ष, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और देश को प्रगतिशील, वैज्ञानिक एवं आत्मनिर्भर बनाने का उनका सपना भारतीय इतिहास में सदैव स्वर्णिम अक्षरों में अंकित रहेगा।
पूर्व राज्य मंत्री रमेश बोराणा एवं पूर्व महापौर कुंती देवड़ा ने कहा कि नेहरू जी के लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता से जुड़े विचार आज भी प्रासंगिक हैं। वर्तमान पीढ़ी का दायित्व है कि वह उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए देश की एकता, अखंडता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आए।
पुष्पांजलि कार्यक्रम में जगदीश सांखला, लियाकत अली रंगरेज, मनीष लोढ़ा, हरेंद्र सिंह राठौड़, प्रदीप पवार, भंवरलाल हटवाल, त्रिलोक मेहरा, हेमंत शर्मा, धनपत गुजर, फिरोज फैम, अंजुला रोपिया, शुभलक्ष्मी पुरोहित, कौशल्या अग्रवाल, बृजेश पुरोहित, डीपी जोशी, मीठालाल परिहार, चंद्रप्रकाश आसेरी, शबनम अब्बासी, महेंद्र मेवाड़ा, डॉ. मोना राठौर, कुलदीप मरवन एवं दौलत सांखला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कांग्रेसजनों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के बताए मार्ग पर चलने तथा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लिया।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।