Maheka Sansar
शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026
विज्ञापन
Maheka Sansar — यहाँ विज्ञापन दें
Maheka Sansar — यहाँ विज्ञापन दें

योगी सरकार ने दीपावली-छठ पर पूर्वांचल के लिए 12 दिन अतिरिक्त रोडवेज बसें चलाईं

योगी सरकार ने दीपावली-छठ पर्व पर पूर्वांचल, लखनऊ, कानपुर समेत कई रूटों पर 12 दिन तक अतिरिक्त रोडवेज बसें चलाने का फैसला किया है।

योगी सरकार ने दीपावली-छठ पर पूर्वांचल के लिए 12 दिन अतिरिक्त रोडवेज बसें चलाईं

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया कि दीपावली और छठ पर्व के दौरान दिल्ली, गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों से बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं। इस बढ़ती यात्रियों की संख्या को देखते हुए योगी आदित्यनाथ सरकार ने 12 दिन तक अतिरिक्त रोडवेज बसें चलाने का निर्णय लिया है ताकि लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा मिल सके।

दिल्ली से पूर्वांचल और अन्य रूटों पर अतिरिक्त बसें

परिवहन विभाग की योजना के तहत दिल्ली से गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या, लखनऊ और कानपुर के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, बरेली, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ और इटावा के लिए भी बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। क्षेत्रीय प्रबंधक यात्रियों की मांग के अनुसार बसों की संख्या घटा या बढ़ा सकेंगे। भैयादूज के दिन स्थानीय और आस-पास के जिलों में यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण वहां भी विशेष व्यवस्था की जाएगी।

परिवहन मंत्री ने दिए कड़े निर्देश

दयाशंकर सिंह ने निर्देश दिए हैं कि निगम की सभी बसें शत-प्रतिशत सड़क पर उतारी जाएं और बसों की मरम्मत, कलपुर्जों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अनफिट बसों का संचालन किसी भी हालत में नहीं होगा। अनुबंधित बस मालिकों को भी बसों की मरम्मत कराकर संचालन के लिए उपलब्ध रखने के आदेश दिए गए हैं। इस अवधि में अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां मंजूर नहीं होंगी और ड्यूटी रोस्टर के अनुसार सभी को काम करना होगा।

चालकों और परिचालकों को मिलेगा खास प्रोत्साहन

परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह के मुताबिक संविदा और आउटसोर्सिंग सहित सभी पात्र चालक-परिचालकों को 11 दिन तक ड्यूटी करने और प्रतिदिन कम से कम 300 किलोमीटर बस चलाने पर 400 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से प्रोत्साहन राशि मिलेगी। 11 दिन पर 4,400 रुपये और 12 दिन ड्यूटी पूरी करने पर 4,800 रुपये दिए जाएंगे। साथ ही निर्धारित किलोमीटर से ज्यादा चलाने पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर अतिरिक्त भुगतान भी मिलेगा।

इलेक्ट्रिक बसों और कार्यशाला कर्मचारियों को भी लाभ

इलेक्ट्रिक बस चलाने वाले चालकों को भी 11 दिन में 3,300 किलोमीटर पूरा करने पर करीब 1,000 रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि मिलेगी। बसों की मरम्मत और बेहतर स्थिति बनाए रखने वाले कार्यशाला कर्मचारियों को भी 11 दिन ड्यूटी पर 2,100 रुपये और 12 दिन पर 2,500 रुपये दिए जाएंगे। इसमें आउटसोर्स कर्मचारी भी शामिल हैं। क्षेत्रीय प्रबंधकों को 10,000 रुपये और सेवा प्रबंधकों को 5,000 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, जो क्षेत्रीय समिति की संस्तुति से बांटी जाएगी।

सुरक्षित यात्रा के लिए जांच व्यवस्था

परिवहन मंत्री ने प्रवर्तन दलों को निर्देश दिया है कि सभी चालकों और परिचालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाए ताकि कोई भी नशे की हालत में बस न चलाए। क्षेत्रीय स्तर पर लगातार जांच जारी रहेगी। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह ने भरोसा दिलाया है कि सभी निर्देशों का पालन होगा और बस अड्डों व बसों की साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।

स्रोत: hindi.webdunia.com

यह खबर शेयर करें
स
संपादकीय टीम · Maheka Sansar

Maheka Sansar की संपादकीय टीम।

संपादकीय टीम की और खबरें →

टिप्पणियाँ

इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।