जोधपुर। डांगियावास थाना क्षेत्र में चुनावी रंजिश के चलते एक दुकानदार और उसके परिजनों पर जानलेवा हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में पीड़ित की रिपोर्ट पर डांगियावास पुलिस ने सरपंच पति शिवप्रकाश कागट, पेशे से शिक्षक मनोहर कागट सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
पीड़ित सुनील भाकर (29 वर्ष, निवासी डांगियावास) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह अपने प्रतिष्ठान 'रिद्धि-सिद्धि स्वीट होम' पर अपने भाई सुरेश और स्टाफ के साथ काम कर रहा था। रात करीब 11:15 बजे एक सफेद स्कॉर्पियो गाड़ी में सरपंच पति शिवप्रकाश कागट (पुत्र केसराम कागट), शिक्षक मनोहर कागट (पुत्र अमराराम कागट), राकेश डांगी (पुत्र छोगाराम डांगी) और अशोक जाजड़ा (पुत्र घेवरराम) वहां पहुंचे।
रिपोर्ट के अनुसार, शिवप्रकाश कागट ने पीड़ित के भाई से सिगरेट मांगी और पीड़ित को विश्वास में लेकर बात करने के बहाने साइड में खड़ी स्कॉर्पियो के पास ले गया। वहां पहले से घात लगाए बैठे अशोक जाजड़ा, राकेश डांगी और मनोहर कागट ने शिवप्रकाश के साथ मिलकर पीड़ित पर लोहे की रॉड और पास पड़े फावड़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं।
गाड़ी चढ़ाकर मारने का प्रयास और धमकाने का आरोप
हमले के दौरान उनका एक अन्य साथी मुकेश भीचर भी मौके पर आ गया और मारपीट में शामिल हो गया। बीच-बचाव करने आए पीड़ित के भाई सुरेश भाकर और दुकान के स्टाफ रामचंद्र सुथार के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान अशोक जाजड़ा ने पीड़ित और उसके भाई पर स्कॉर्पियो चढ़ाकर जान से मारने का भी प्रयास किया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है।
गंभीर रूप से घायल सुनील को तत्काल इलाज के लिए बनाड़ रोड स्थित श्रीराम अस्पताल ले जाया गया। पीड़ित का यह भी आरोप है कि घटना के तुरंत बाद शिवप्रकाश कागट के छोटे भाई शंकर कागट और सुरेंद्र कागट गाड़ी लेकर उनकी दुकान पर आए और एफआईआर (FIR) दर्ज न करवाने के लिए धमकाया।
पुलिस कार्रवाई
डांगियावास थाना पुलिस ने पीड़ित की लिखित रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 126(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक (SI) मानाराम को सौंपी गई है।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।