प्रो. जी.आर. पुरोहित स्मृति महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में आठ टीमों ने लिया भाग, मेडिको वॉरियर रही उपविजेता
जोधपुर। श्री पुष्टिकर श्री पुरोहित सूरजराज रूपदेवी स्मृति महिला महाविद्यालय, सिवांची गेट की ओर से शनिवार को प्रो. जी.आर. पुरोहित स्मृति महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शनिश्चरजी के थान स्थित बॉक्स क्रिकेट मैदान पर आयोजित प्रतियोगिता में महाविद्यालय के कला, विज्ञान, वाणिज्य, कंप्यूटर साइंस एवं नर्सिंग संकाय की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महाविद्यालय के उप-प्राचार्य प्रो. तेजेंद्र वल्लभ व्यास ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों मेडिको वॉरियर, एटॉमिक एंजेल, बीकॉम ब्लूमर, ब्लू सिटी, डोमिनेटर, जोधपुर रॉयल, रॉयल टाइगर एवं नर्सिंग वॉरियर ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में अंपायर की भूमिका इस्माइल अली एवं डॉ. माधव देव बोहरा ने निभाई, जबकि स्कोरिंग में डॉ. राजेश यादव का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का इंटरनेट के माध्यम से प्रसारण खालिद अली ने किया।
डॉ. राजा पुरोहित ने अपने पिता प्रो. जी.आर. पुरोहित की स्मृति में इस प्रतियोगिता का आयोजन करवाया तथा प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न प्रदान किए।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में ट्रस्ट सदस्य सुरेन्द्र जोशी, गुरुदत्त पुरोहित एवं ओमप्रकाश पुरोहित उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में बीकॉम ब्लूमर टीम विजेता तथा मेडिको वॉरियर टीम उपविजेता रही। व्यक्तिगत पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब प्रमिला (बीकॉम, पांचवां सेमेस्टर), सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार फाल्गुनी वैष्णव (बीकॉम, तीसरा सेमेस्टर) तथा सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार जानवी (बीएससी, पांचवां सेमेस्टर) को प्रदान किया गया।
इस अवसर पर सुरेन्द्र जोशी ने कहा कि छात्राओं ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गुरुदत्त पुरोहित ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं में आपसी सौहार्द एवं सकारात्मक वातावरण को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. माधव देव बोहरा ने किया।


टिप्पणियाँ
इस खबर पर सबसे पहले अपनी टिप्पणी करें।